सारण, 19 अप्रैल । युवा ब्राह्मण चेतना मंच के तत्वाधान में भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अक्षय तृतीया के मुहूर्त पर आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ स्थानीय मारुति मानस मंदिर परिसर से हुआ। पंडित राजू रंजन तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और जय परशुराम के उद्घोष के साथ भगवान परशुराम के स्वरूप का पूजन कर रथ को रवाना किया गया। यह शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरती हुई उत्सव वाटिका पहुँची, जहाँ मुख्य सभा का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने सभा को संबोधित करते हुए भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। मंच के सदस्य अरुण पुरोहित ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करना है