हरिद्वार, 11 अप्रैल । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से अपील की कि भारत सरकार ने जनगणना प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके तहत नागरिक अब स्वयं पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सेल्फ इनुमेरेशन की सुविधा 10 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इसके अंतर्गत कोई भी नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se-census-gov-in पर जाकर अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से लॉगिन कर सकता है। इसके बाद गूगल मैप की सहायता से अपने घर की लोकेशन चिन्हित कर आवश्यक विवरण भर सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक अपने घर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पानी, बिजली, शौचालय आदि से संबंधित जानकारी भी स्वयं पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
उन्होंने आगे बताया कि जब 25 अप्रैल से जनगणना टीम घर-घर सर्वे के लिए पहुंचेगी, तब नागरिक इस आईडी को दिखाकर अपनी जानकारी सत्यापित करा सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और आसान बनेगी।
जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से आग्रह किया है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय पर अपना सेल्फ इनुमेरेशन अवश्य पूर्ण करें।