पूर्णिया, 05 फ़रवरी । अमौर थाना में पदस्थापित हवलदार आलम नाथ भुइया के आकस्मिक निधन पर पुलिस विभाग में शोक है। गुरुवार को पुलिस केंद्र पूर्णिया में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पूर्णिया क्षेत्र एवं पुलिस अधीक्षक पूर्णिया की गरिमामयी उपस्थिति में दिवंगत हवलदार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत हवलदार की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने कहा कि हवलदार आलम नाथ भुइया एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं ईमानदार पुलिसकर्मी थे, जिन्होंने अपने सेवा काल में पुलिस विभाग की गरिमा को हमेशा बनाए रखा। उनका असामयिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने भी दिवंगत हवलदार के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्य के प्रति हमेशा सजग रहते थे और कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग परिवार के साथ खड़ा है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान दिवंगत हवलदार के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया और सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
ज्ञात हो कि अमौर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हवलदार आलम नाथ भुइया की मृत्यु हुई थी, जिसकी जांच पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।