रायगढ़ में शतरंज को बढ़ावा देने पहल, छात्राओं को निःशुल्क इंटरनेशनल चेस सेट वितरित

Share

रायगढ़ , 05 फ़रवरी ।विश्व स्तर पर शतरंज को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘द गिफ्ट ऑफ चेस ऑर्गेनाइजेशन (यूएसए )’ द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले चेस सेट वितरित किए जा रहे हैं। ये वही इंटरनेशनल चेस बोर्ड हैं, जिनका उपयोग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया जाता है।

इसी कड़ी में आज रायगढ़ शतरंज संघ द्वारा जिले के छात्र-छात्राओं से जुड़े प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में निःशुल्क इंटरनेशनल चेस सेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में बौद्धिक विकास, एकाग्रता और खेल भावना को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम के तहत पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास में अधीक्षिका नेहा दीक्षित की उपस्थिति में छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के शतरंज बोर्ड प्रदान किए गए। छात्राओं में इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर रायगढ़ शतरंज संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उपस्थित रहे, जिनमें—अशोक पटेल (अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी),राजेंद्र पांडेय (पूर्व अध्यक्ष),शिवशंकर अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष एवं नेशनल खिलाड़ी),अबरार हुसैन (संरक्षक, जिला शतरंज संघ एवं नेशनल खिलाड़ी),कार्तिकेश्वर मैत्री (सचिव, कोच एवं नेशनल खिलाड़ी),रमेश पाणि (चेस निर्णायक),ईश्वर नेताम (खिलाड़ी एवं पदाधिकारी)तथा मुकेश दुबे (पूर्व सचिव)शामिल रहे।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शतरंज न केवल एक खेल है, बल्कि यह मानसिक विकास, निर्णय क्षमता और अनुशासन को मजबूत करता है। इस तरह की पहल से ग्रामीण और पिछड़े वर्ग की छात्राओं को भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।