जमीन विवाद में झामुमो के पांकी प्रखंड अध्यक्ष की हत्या

Share

मुन्ना सिन्हा ट्रैक्टर ड्राइवर के साथ घर से कुछ दूर खेत पर गए थे। खेत की जोतायी हो रही थी। इसी क्रम में अरूण ठाकुर पिता स्व. महावीर ठाकुर से पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर कहा सुनी हुई। इसी क्रम में अरूण की पत्नी चांदनी देवी ने अपने पति को टांगी थमा दिया। हाथ में टांगी मिलते ही अरूण ने मुन्ना पर तीन बार वार किया। गर्दन, सिर और आगे के हिस्से में टांगी लगा। उन्हें इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एमएमसीएच रेफर किया गया।

अस्पताल में मुन्ना की मां चिंतामणी देवी ने घटना की पूरी जानकारी दी। चिंतामणी के अनुसार मुन्ना एकलौता पुत्र था। अरूण ठाकुर एवं उसके परिवार के साथ लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा है। उन्हें थोड़ा भी अंदाजा नहीं था कि मुन्ना के साथ इस तरह की घटना हो जायेगी। अरूण की पत्नी ने अपने पति को टांगी थमा कर मुन्ना की हत्या करायी। मुन्ना के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। एक डेढ वर्ष का और एक पांच वर्ष का। दोनों पुत्री है।

घटना की जानकारी मिलने पर पांकी थाना से एसआई और पुलिस जवानों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद होने की सूचना है। घटना के बाद से आरोपित अरूण ठाकुर और उसके परिवार के सदस्य फरार हैं। पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखे हुए हैं।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के पलामू जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिन्हा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एमएमसीएच पहुंचे एवं मुन्ना की मां चिंतामणि देवी से मिलकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया एवं जिला प्रशासन से आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद में हत्या कही से ही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हत्या कर देने से जमीन विवाद का हल कभी नहीं हो सकता।