फतेहबाद: खुद को पुलिस बताने वाली महिला गिरफ्तार, वर्दी बरामद
फतेहाबाद, 5 मई (हि.स.)। फतेहाबाद पुलिस ने खुद को पुलिस बताने वाली एक महिला को सोमवार को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने महिला के पास से पुलिस वर्दी भी बरामद की है। पकड़ी गई महिला की पहचान गांव सनियाना की सिमरन उर्फ बेअंत कौर पत्नी हरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने महिला को सोमवार को अदालत में पेश किया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना सदर टोहाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कहा था कि आरोपी महिला सिमरन उसके पति की बहन बनी हुई है। अभी वर्तमान में हमारा आपस में पति-पत्नी मनमुटाव हो गया है। आरोपी महिला सिमरन उनके खनौरा स्थित घर पर आई और उसके साथ मारपीट कर के धमकाया। इस केस के संबंध में पुलिस ने तीन मई को थाना सदर टोहाना में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में जांच अधिकारी महिला एसआई शिक्षा ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को गांव सनियाना से महिला आरोपी सिमरन उर्फ बेअंत कौर पत्नी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई महिला से पुलिस ने पुलिस की वर्दी भी बरामद की है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है कि उसने यह वर्दी कहां से ली और वर्दी पहन कर किस-किस को धमकाया तथा पैसे ऐंठे हैं।