पीएम रिपोर्ट में फांसी से मौत की हुई पुष्टि, परिजन बोले बड़े लोग हैं, मामला दबा रहे

Share

जगदलपुर, 05 नवंबर । जिले के काेतवाली थाना क्षेत्र में बाफना हाउस स्थित कपड़ा शोरूम की छत पर 21 वर्षीय युवती दीपा सागर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें मौत का कारण हैंगिंग (फांसी) बताया गया है।

वहीं दूसरी तरफ मृतका के परिजन पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने रेप के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि सामने वाला पक्ष प्रभावशाली होने के कारण मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सीएसपी अंशिका जैन के नेतृत्व में 05 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है। उल्लेखनीय है कि बाफना हाउस में 21 साल की युवती दीपा का शव साेमवार काे फंदे से लटका मिला था।

सीएसपी अंशिका जैन ने गुरुवार काे बताया कि डॉक्टर से प्राप्त रिपोर्ट में मृतिका के शरीर में किसी तरह का इंटरनल चोट नहीं होने तथा लिगेचर मार्क होने का उल्लेख किया गया है। मृत्यु का कारण फांसी (हैंगिंग) बताया गया है। जांच के दौरान कार्यस्थल के सीसीटीव्ही फुटेज को परिजनों के सामने दिखाया गया और उसका गहनता से अवलोकन किया गया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में मृतिका अकेले छत की ओर जाती दिखाई दे रही है और किसी तरह का संदेहास्पद घटनाक्रम नहीं दिखा है।

उन्हाेंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतिका के जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। नोट की लिखावट, विषयवस्तु और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा, मृतिका का मोबाइल फोन परिजनों से प्राप्त कर फॉरेंसिक एनालिसिस के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने मृतिका के मोबाइल नंबर का सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) भी प्राप्त कर लिया है और उसका एनालिसिस किया जा रहा है।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर कार्यरत सभी कर्मचारियों और गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल और शव का सूक्ष्म निरीक्षण कर हर एंगल से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता पूर्वक जांच की जा रही है और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।