विधानसभा समिति ने अधिकारियों से मांगी लंबित सवालों पर रिपोर्ट

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 05 नवंबर । झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान ने गुरुवार को चाईबासा परिसदन सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा में विधायकों की ओर से उठाए गए सवालों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया गया।

बैठक से पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सभापति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद समिति ने विभिन्न विभागों से संबंधित विधानसभा प्रश्नों की प्रगति, लंबित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।

सभापति सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा में उठने वाले प्रश्न सीधे तौर पर आम जनता की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं। ऐसे में प्रश्नों के अनुपालन में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रश्नों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अनुपालन से संबंधित रिपोर्ट में केवल औपचारिक जानकारी देने के बजाय संबंधित मामले में अब तक की गई कार्रवाई, वर्तमान स्थिति और आगे की प्रक्रिया का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने समिति के समक्ष विधानसभा से संबंधित प्रश्नों और आश्वासनों के अनुपालन की जानकारी दी।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त क्रिस्टो कुमार बेसरा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार सहित कई विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।