दक्षिण 24 परगना, 04 नवंबर (हि. स.)। जिले के डायमंड हार्बर स्थित सरिशा में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय पर छापा मारकर एक करोड़ दो लाख 79 हजार रुपये की भारी बेहिसाबी नकदी बरामद की है। डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मजूमदार ने बुधवार शाम बताया कि तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय से पूछताछ के दौरान इस विशाल नकदी का सुराग मिला था।
दूसरी ओर, इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि जिस पार्टी कार्यालय की बात की जा रही है, वह पट्टे (लीज) पर संचालित किया जा रहा था। पार्टी के अनुसार, इसे साल 2023 में तीन साल की लीज पर लिया गया था।
तृणमूल का कहना है कि गत 21 मई की रात कुछ उपद्रवियों ने वहां तोड़फोड़ और लूटपाट की थी, जिसकी शिकायत डायमंड हार्बर पुलिस से भी की गई थी। पार्टी का दावा है कि तोड़फोड़ की उस घटना के बाद कार्यालय भवन को उसके असली मालिक को वापस लौटा दिया गया था।
ज्ञात हो कि अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय का नाम केवल इसी मामले में नहीं, बल्कि शालबनी भूमि मामले और दक्षिण 24 परगना के कालीतला अशुति थाना क्षेत्र में मिट्टी चोरी के मामले में भी सामने आया है। शालबनी मामले में पहले से ही जेल हिरासत में मौजूद सुमित को पिछले शनिवार को पुलिस ने कालीतला अशुति मामले में अपनी हिरासत में लिया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मजूमदार ने बताया कि रिमांड पर लेने के बाद सुमित रॉय से लंबी पूछताछ की गई, जिसमें मिले विशिष्ट सुरागों के आधार पर ही सरिशा के उक्त कार्यालय में छापेमारी की गई।
हालांकि, जब पुलिस से पूछा गया कि उक्त तृणमूल कार्यालय का संचालन कौन कर रहा था, तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा। उन्होंने बताया कि यह कार्यालय किसका है, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने यह पुष्टि की कि यह तृणमूल का पार्टी कार्यालय था, लेकिन इसे वास्तव में कौन चला रहा था, इसका सत्यापन किया जाना बाकी है। पार्टी कार्यालय में इतनी बड़ी मात्रा में नकद राशि क्यों रखी गई थी और इसका स्रोत क्या है, यह अभी भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि इस बरामद नकदी का सीधा संबंध कालीतला अशुति थाने में दर्ज उस मामले से हो सकता है, जिसमें सुमित रॉय व अन्य आरोपितों के खिलाफ सरकारी और निजी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर बेचने की शिकायत दर्ज की गई थी और इसी सिलसिले में उन्हें हाल ही में 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
