बरेली, 03 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में मंगलवार काे भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकालकर संगठन की ताकत दिखाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी एक साथ मंच पर नजर आए। वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के बाद शुरू हुई पदयात्रा में ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। चुनाव से पहले हुए इस बड़े आयोजन ने शहर का सियासी पारा चढ़ा दिया।
मंगलवार को राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बारातघर में भाजपा के बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा दोपहर करीब 1:35 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। संबोधन के बाद नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा शुरू की। सुबह से ही बारातघर के आसपास कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
विधानसभा चुनाव में अभी करीब एक साल का समय है, लेकिन भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। बरेली में आयोजित पदयात्रा को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। भाजपा ने इस कार्यक्रम के जरिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता, संगठन की सक्रियता और आगामी चुनावों के लिए तैयारियों का संदेश देिया।
पदयात्रा राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बारातघर से शुरू होकर डीडीपुरम स्थित शहीद स्तंभ तक निकाली गई। करीब 2.15 किलोमीटर लंबे निर्धारित मार्ग पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला बांके बिहारी मंदिर से होते हुए शिवाजी चौक यानी शील चौराहे पहुंचा। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम रखा गया। इसके बाद पदयात्रा शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पहुंची, जहां शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर समापन होना निर्धारित था। कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा दोपहर 3:35 बजे तक पूरी होनी थी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता शाक्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया।
पदयात्रा के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम तय था। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित थी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा होनी थी। विधानसभा चुनाव से पहले बरेली में आयोजित इस कार्यक्रम को भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और गठबंधन की एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
