जयपुर, 11 अक्टूबर । राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आ गया है। रविवार सुबह श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया। देर रात से रुक-रुककर हो रही बारिश और ठंडी हवा के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले दो दिनों तक बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट के कारण गर्मी का असर कम हुआ। जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सिरोही और हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम में आए इस बदलाव से दिन के साथ-साथ रात में भी ठंडक महसूस होने लगी है।
श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ क्षेत्र में शनिवार देर रात से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। कई स्थानों पर बादल छाने के साथ तेज ठंडी हवा चलीं। रविवार सुबह श्रीगंगानगर में बारिश का दौर जारी रहा। कुछ क्षेत्रों में बारिश के दौरान बिजली भी चमकी। बरसात के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शनिवार को राजस्थान के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम तापमान बताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 अक्टूबर को भी बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद 13 अक्टूबर को एक कमजोर मौसमी तंत्र सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिलों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।
