घुटने की सर्जरी के बाद छह सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे जेवियर बार्टलेट

Share

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट के टेस्ट टीम में जगह बनाने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। बाएं घुटने की सर्जरी कराने के बाद वह करीब छह सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। इस चोट के कारण वह आगामी बिग बैश लीग के शुरुआती मुकाबलों में भी नहीं खेल पाएंगे। बार्टलेट को इस टूर्नामेंट में ब्रिस्बेन हीट की ओर से खेलना है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को उक्त जानकारी दी।

बार्टलेट को पिछले सप्ताह होबार्ट में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले के दौरान क्षेत्ररक्षण करते हुए बाएं घुटने में चोट लगी थी। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा था और टीम ने श्रृंखला भी गंवा दी थी। चोट के कारण मैदान छोड़ने के बावजूद बार्टलेट दोबारा गेंदबाजी करने लौटे और तीन ओवर किए। उन्होंने सात ओवर में 66 रन देकर एक विकेट लिया। इसके बाद उन्हें पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर कर दिया गया। बाद में उनके घुटने की दूरबीन विधि से सर्जरी की गई।

बार्टलेट पहली बार ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में जगह बनाने की दौड़ में शामिल थे। उन्होंने शेफील्ड शील्ड के मौजूदा सत्र की शुरुआत क्वींसलैंड की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए की थी। उन्होंने दो मैचों में 16 विकेट हासिल किए थे। ऑस्ट्रेलिया का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की मेजबानी करनी है और इसके बाद पांच मैचों की श्रृंखला के लिए भारत का दौरा करना है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ क्रिकेट के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर खेले जाने वाले विशेष टेस्ट मुकाबले में हिस्सा लेगा। ऐसे में बार्टलेट की चोट से उनके टेस्ट पदार्पण की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

यदि बार्टलेट का पुनर्वास कार्यक्रम तय योजना के अनुसार आगे बढ़ता है, तो भारत दौरे के आसपास उनकी वापसी संभव हो सकती है। हालांकि, उनका तत्काल लक्ष्य बिग बैश लीग के मध्य सत्र में मैदान पर लौटना हो सकता है।