छपरा में नवरात्रि जागरण का हुआ आयोजन, देर रात्रि तक गूंजे माता के पारंपरिक भजन

Share

सारण, 11 अक्टूबर । शारदीय नवरात्रि की पूर्व संध्या पर शहर के शंकर दयाल सिंह महाविद्यालय के प्रांगण में एक नवरात्रि जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे शहर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना दिया, जिसमें छात्र-छात्राओं और शहरवासियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटनकर्ताओं में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक विजय सिंह, विभाग व्यवस्था प्रमुख ओमप्रकाश गुप्ता, छपरा विधायक छोटी कुमारी, महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य अरुण सिंह तथा राकेश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देर रात तक चले इस जागरण कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं शहर के छात्र-छात्राओं ने माता रानी के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिसे देखकर सभी दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक सुरीले भजन प्रस्तुत किए गए, जिन पर पूरा परिसर झूम उठा और जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। इस भव्य आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचार-प्रसार प्रमुख अवध किशोर मिश्रा, उत्तर बिहार संस्कार भारती के महामंत्री सुरभित दत्त, पूर्व विधायक सीएन गुप्ता, नगर निगम की पूर्व महापौर राखी गुप्ता सहित विश्व हिंदू परिषद के अरुण पुरोहित, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कई कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।