मीरजापुर, 25 अक्टूबर । विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने रविवार को विंध्यधाम में संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर विश्व कल्याण की कामना की।
चंपत राय शनिवार शाम अयोध्या से मीरजापुर पहुंचे थे। उन्होंने मड़िहान क्षेत्र के बसही में आयोजित श्रीराम कथा में हिस्सा लिया। इसके बाद महुवारी कला स्थित देवरहा बाबा आश्रम पहुंचकर बाबा का कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद लिया। रविवार को विंध्यधाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना की। यहां प्रशासनिक अतिथि गृह में उन्होंने विभिन्न लोगों से मुलाकात की और संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत की।
इस दौरान विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, काशी प्रांत के पूर्व संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव, काशी प्रांत के सत्संग प्रमुख महेश तिवारी, कुंअर मिश्रा, प्रवीण मौर्य और अमित पाठक मौजूद रहे।
चंपत राय और देवरहा बाबा का संबंध राम जन्मभूमि आंदोलन के समय से रहा है। देवरहा बाबा को राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख आध्यात्मिक प्रेरणास्रोतों में गिना जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के प्रस्तावित प्रारूप को आशीर्वाद दिया था। राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण पत्र में भी बाबा की तस्वीर को स्थान दिया गया था। चंपत राय की बाबा से मुलाकात को इसी पुराने संबंध के संदर्भ में देखा जा रहा है।
