छग के सूरजपुर की रेड नदी में दो सगे भाइयों समेत चार की डूबने से मौत

Share

सूरजपुर, 24 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सरस्वतीपुर में शनिवार को रेड नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो सगे नाबालिग भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दोनों भाइयों के मौसा और मौसेरे भाई भी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बिहार निवासी 13 वर्षीय गोपाल और 15 वर्षीय कृष्ण गोपाल दशहरा की छुट्टियों में सूरजपुर स्थित अपने मौसा के घर आए हुए थे। शनिवार को दोनों भाई अपने 45 वर्षीय मौसा विवेक सिंह और 20 वर्षीय मौसेरे भाई अभिजीत के साथ सरस्वतीपुर स्थित रेड नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों नाबालिग भाई गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

दोनों भाइयों को डूबता देख अभिजीत और विवेक सिंह उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों लोग डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद चारों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

स्थानीय निवासी मनीष सिंह ने बताया कि वह घर पर थे, तभी उन्हें रेड नदी में कई लोगों के डूबने की सूचना मिली। इसके बाद वह अपने तीन साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नदी में एक शव पानी के ऊपर उतरा रहा था। इसके बाद तीन लोगों ने एसडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर अन्य तीन शवों को भी बाहर निकाला। मनीष सिंह के मुताबिक, इस तरह का हादसा पहली बार हुआ है। गांव के लोग अक्सर यहां नहाने और कपड़े धोने आते हैं।

मृतकों की पहचान बिहार निवासी गोपाल (13) और कृष्ण गोपाल (15), सूरजपुर निवासी अभिजीत (20) और विवेक सिंह (45) के रूप में हुई है। दोनों नाबालिग भाई अपने मौसा के घर छुट्टियां बिताने आए थे।

तहसीलदार सूर्यकांत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर विश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतें और पानी की गहराई व बहाव की जानकारी के बिना नदी में न उतरें।

हादसे के बाद सरस्वतीपुर में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों से नदी के खतरनाक हिस्सों में जाने से बचने की अपील की है।