जयपुर, 25 अक्टूबर । ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के ध्येय वाक्य के साथ समाज के वंचित, अभावग्रस्त और उपेक्षित वर्गों के बीच सेवा कार्य कर रही सेवा भारती समिति जयपुर का वार्षिकोत्सव सोमवार को आयोजित होगा। मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के दीप स्मृति सभागार में दोपहर 2:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ताओं, प्रतिभावान विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के प्रबुद्धजनों की सहभागिता रहेगी।
समिति के महानगर अध्यक्ष महेश चन्द्र गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन देंगे। वहीं, झोटवाड़ा के नवल पीठाधीश्वर संत मुन्नादास खोड़ा का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
सेवा भारती समिति जयपुर महानगर में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों तक सेवाएं पहुंचा रही है। समिति के अनुसार, वर्तमान में जयपुर की 257 बस्तियों में कुल 379 सेवा कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इनमें शिक्षा से जुड़े 133, स्वास्थ्य के 48, स्वावलंबन के 52 और सामाजिक आयाम के 146 कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त समिति की ओर से 10 छात्रावास, 42 सिलाई केंद्र, 20 सौंदर्य प्रशिक्षण केंद्र और दो कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य स्थायी सेवा प्रकल्प भी संचालित किए जा रहे हैं।
वार्षिकोत्सव में विभिन्न सेवा बस्तियों के प्रतिभावान विद्यार्थी, सम्मानित अभिभावक और समाज के प्रबुद्धजन शामिल होंगे। कार्यक्रम में मंगलम् ग्रुप जयपुर के निदेशक संजय गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे। उद्योगपति एवं समाजसेवी निखिल जैन तथा 3 एस ग्लोबल ग्रीन्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विजेन्द्र सिंह तंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन में राजस्थान सरकार के मंत्रियों और विभिन्न अधिकारियों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
समिति के वार्षिकोत्सव को लेकर तैयारियां जारी हैं। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठकें की जा रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से समिति के सेवा कार्यों और समाज के वंचित वर्गों तक पहुंचाई जा रही सहायता की जानकारी साझा की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों में महानगर संघचालक चैन सिंह राजपुरोहित, महानगर मंत्री डॉ. सत्य प्रकाश शर्मा और महानगर अध्यक्ष महेश चन्द्र गुप्ता जुटे हैं।
