अब यूट्यूब पर भी दिखेंगे सलमान खान, लॉन्च किया अपना चैनल

Share

मुंबई, 9 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान अब यूट्यूब की दुनिया में भी अपना स्वैग दिखाने के लिए तैयार हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल की घोषणा की है। उनके इस कदम से प्रशंसकों में खासा उत्साह है। घोषणा के कुछ ही समय बाद उनके चैनल पर 13 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए। सलमान ने इस चैनल के जरिए प्रशंसकों को अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी की झलकियां दिखाने का वादा किया है।

सलमान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “शुरू से शुरू करते हैं… मेरा आधिकारिक यूट्यूब चैनल। ए से जेड तक सब यहां मिलेगा।”

वीडियो में अभिनेता अपने चिर-परिचित मजेदार अंदाज में ए से जेड तक की बात करते नजर आ रहे हैं। उनके इस अंदाज ने प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अभिनेता के मुताबिक, चैनल पर उन्हें अलग-अलग तरह की सामग्री देखने को मिलेगी।