शराब दुकान में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Share

पूर्वी सिंहभूम, 20 अक्टूबर । बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चोरों ने एक शराब दुकान को निशाना बनाते हुए छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के भीतर रखे 33 हजार रुपये नकद और करीब 18 हजार रुपये मूल्य की शराब लेकर फरार हो गए। घटना में दुकानदार को लगभग 51 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने में जुटी है।

घटना बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में लिंडे गैस के सामने स्थित शराब दुकान की है। दुकान संचालक सन्नी जायसवाल के अनुसार, 19 अक्टूबर को अज्ञात चोर ने दुकान की टीन की छत काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे 33 हजार रुपये नकद और लगभग 18 हजार रुपये की शराब चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने मामले को लेकर बर्मामाइंस थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है। जुगसलाई निवासी सन्नी जायसवाल ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच करने और चोरी में शामिल आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

दुकानदार ने अपने आवेदन में बताया है कि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। ऐसे में फुटेज की जांच से आरोपित की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है। उन्होंने चोरी गए नकद रुपये और शराब की बरामदगी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। फिलहाल आरोपित की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।