विजयादशमी पर पुलिस लाइन बलरामपुर में एसपी वैभव बेंकर ने किया शस्त्र पूजन

Share

बलरामपुर, 20 अक्टूबर । विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ शस्त्र पूजन किया। इस दौरान मां दुर्गा की आरती कर जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। पूजन के बाद एसपी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।

विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा के तहत पुलिस लाइन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना-चौकी परिसर में शस्त्र पूजन किया। इस दौरान हथियारों पर पुष्प अर्पित कर तिलक लगाया गया और मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा की गई।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक मो. याकूब मेनन, प्रमोद किस्पोट्टा, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रक्षित केंद्र बलरामपुर के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।