खूंटी, 10 अक्टूबर । दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को कर्रा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस-प्रशासन ने पूजा समितियों से त्योहार आपसी भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार ने की। इसमें तोरपा के एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, कर्रा की अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना और तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर परशुराम पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी पूजा पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने, खुले बिजली के तार नहीं रखने और सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। अग्निशमन सुरक्षा के मद्देनजर पंडालों के पास बालू से भरी बाल्टियां रखने तथा विसर्जन स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी पूजा पंडाल में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।
एसडीपीओ विजय कुमार सिंह ने पूजा समितियों से तैयारियों और पूजा संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विनोद सोनी, यूसुफ खान, विनोद भगत, प्रदीप सिन्हा, संदीप महतो, शेख फिरोज, जलेश्वर महतो, अफजल मिर्यासी, लखीनारायण साहू, दिलीप सिन्हा, मनोज धान, मुखिया मंजुला उरांव, रश्मि लकड़ा, सुखराम होरो और ज्योति मिंज सहित कई लोग उपस्थित थे।———
