नई दिल्ली, 08 अक्टूबर । टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया विदेश जाने वाले यात्रियों को ‘ट्रैवल सिम कार्ड’ देगी। एयर इंडिया के ब्रांड वाला ट्रैवल सिम कार्ड ‘ईजीरोम’ टाटा कम्युनिकेशंस के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। इस पर अंतरराष्ट्रीय रोमिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।
विमानन कंपनी के मुताबिक यह अतिरिक्त उत्पाद एयर इंडिया के ब्रांड वाले एक समर्पित वेबपेज पर भौतिक सिम कार्ड के साथ-साथ ई-सिम के रूप में खरीद के लिए उपलब्ध होगा। इस सिम कार्ड के जरिये यात्री अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मौखिक एवं डेटा सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। शुरुआत में सिम कार्ड मुफ्त दिया जाएगा, जबकि रोमिंग पैक के लिए शुल्क देना होगा। यह उत्तर अमेरिका, यूरोप (ब्रिटेन समेत), ऑस्ट्रेलिया, एशिया-प्रशांत और पश्चिम एशिया के 30 देशों में उपलब्ध होगा।
कंपनी ने बताया कि ईजी रोम सिम के साथ हमारे कस्टमर एयर इंडिया के लगभग 30 डेस्टिनेशन पर भरोसेमंद और तेज-स्पीड वाली इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का फायदा उठा सकते हैं। इसमें 1 जीबी तक मुफ्त डेटा और इंटरनेशनल रोमिंग पर 50 फीसदी तक की बचत भी मिलती है। कंपनी ने कहा कि भरोसेमंद पार्टनर टाटा @टाटा_कॉम का ‘ईजीरोम’ सिम विदेश यात्रा शुरू होते ही कनेक्टेड रहना आसान बनाता है।
