देहरादून, 25 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया।
टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार इस गीत में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को गीत-संगीत और दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही राज्य की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
‘संकल्प नए उत्तराखंड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति और विकास की संभावनाओं को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
