शिमला, 22 सितंबर । शिमला जिले के चिडग़ांव थाना क्षेत्र में एक युवती को लगातार परेशान करने, पीछा करने, धमकाने और उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
25 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शिमला जिले के हौचाली (शौंताड़) निवासी आरोपी अमित कुमार उसे लगातार परेशान कर रहा था और उसका पीछा करता था।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने अपने पिता की बीमारी का हवाला देकर युवती से आर्थिक मदद भी ली थी। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ गंभीर रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसे धमकियां दीं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देता था और उसकी शादी होने से रोकने की बात कहता था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया मंचों पर भी पोस्ट कीं। आरोप है कि इन तस्वीरों को पोस्ट करने का उद्देश्य उसकी छवि को नुकसान पहुंचाना था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना चिडग़ांव में बीएनएस की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।