कामाख्या माता के जयकारों के साथ रवाना हुई वरिष्ठ नागरिक तीर्थ स्पेशल ट्रेन

Share

उदयपुर, 23 सितम्बर । राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत बुधवार को राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से कामाख्या देवी (असम) के लिए विशेष ट्रेन रवाना की गई। दोपहर 2:30 बजे सहायक आयुक्त उदयपुर जतिन कुमार गांधी एवं ऋषभदेव सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान स्टेशन परिसर ‘कामाख्या माता की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि राणा प्रतापनगर स्टेशन से उदयपुर संभाग के सात जिलों—उदयपुर, राजसमंद, सलूंबर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर—के 570 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए हैं। ट्रेन अजमेर स्टेशन पहुंचेगी, जहां से अजमेर संभाग के 400 यात्री इसमें शामिल होंगे। कुल 970 तीर्थयात्री इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे। ट्रेन 25 सितंबर को कामाख्या देवी पहुंचेगी, जहां बुजुर्गों को मंदिर में दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा संपन्न कर यह ट्रेन 30 सितंबर को पुनः उदयपुर लौटेगी।

राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए इस बार विशेष पहल करते हुए पहली बार नॉन-एसी के स्थान पर पूर्णतः वातानुकूलित (एसी) ट्रेन संचालित की गई है। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के लिए चाय, नाश्ता, भोजन, गंतव्य पर ठहरने तथा दर्शन सहित समस्त प्रबंध राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क किए गए हैं।

सफर के सुचारू संचालन और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए राजपत्रित अधिकारी महेश चंद्र जोशी को ट्रेन प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा एक मेडिकल टीम, अनुरक्षक और अन्य सहायक कर्मियों सहित 30 सदस्यों का विशेष दल यात्रियों के साथ रवाना हुआ है। ट्रेन में यात्रियों और स्टाफ को मिलाकर कुल 1,000 लोग यात्रा कर रहे हैं।

————