जयपुर, 23 सितंबर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को नागौर में कार्रवाई कर कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) चेनाराम को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, आरोपी ने परिवादी के भाई के खिलाफ दर्ज प्रकरण में पुलिस रिमांड (पीसी रिमांड) की अवधि नहीं बढ़ाने और मामले में मदद करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से पांच हजार रुपये पहले ले लिए। इसके बाद 15 हजार रुपये की मांग करते हुए 10 हजार रुपये लेना तय किया गया। रिश्वत की राशि चाय की थड़ी के काउंटर पर रखकर लेने पर सहमति बनी।
एसीबी नागौर चौकी की टीम ने बुधवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए चेनाराम को चाय की थड़ी के काउंटर से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। एसीबी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।