नारनाैल, 13 सितंबर । हरियाणा के लोक निर्माण तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने रविवार को नांगल चौधरी स्थित जांगिड़ सभा भवन में श्री विश्वकर्मा सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था की ओर से आयोजित तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगिड़, पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि किसी भी समाज और क्षेत्र की पहचान वहां की प्रतिभाओं से होती है। युवाओं की मेहनत और उपलब्धियों को जब समाज का सम्मान मिलता है तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के साथ युवाओं और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि हर क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर मिलें।
गंगवा ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था लागू है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिलने का अवसर मिल रहा है। शिक्षा, खेल, कला और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। इस अवसर पर मंत्री ने जांगिड़ सभा भवन के निर्माण के लिए अपने ऐच्छिक कोटे से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में रामपाल जांगिड़, दयाराम यादव, रोहताश जांगिड़, विद्यासागर सहित समाज के गणमान्य लोग और अभिभावक मौजूद रहे।