भोपाल, 13 सितम्बर । मध्य प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 10 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की है। इसके साथ ही राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों का भी तबादला किया है। इस तरह कुल 137 पुलिस अफसरों का तबादला हुआ है। इस संबंध में रविवार देर रात गृह विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मनीष भारद्वाज को सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक पद से सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली, नगरीय इंदौर पदस्थ किया गया है। वहीं, आलोक कुमार वर्मा को देवास के सहायक पुलिस अधीक्षक से नगर पुलिस अधीक्षक, रीवा बनाया गया है। वैभव प्रिया को रतलाम से एसडीओपी नेपानगर, बुरहानपुर, जबकि शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से एसडीओपी गाडरवारा, नरसिंहपुर की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कुमार को ग्वालियर से सहायक पुलिस आयुक्त, एम.पी. नगर, नगरीय भोपाल बनाया गया है।
वहीं, लेखराज मीना को छतरपुर से एसडीओपी सैलाना, रतलाम, काजल सिंह को उज्जैन से एसडीओपी खुरई, सागर और राजीव अग्रवाल को रीवा से एसडीओपी कुक्षी, धार पदस्थ किया गया है। दीपांशु को सागर से एसडीओपी मनावर, धार और अमित कुमार को खंडवा से एसडीओपी सिंगरौली की नई जिम्मेदारी मिली है। गृह विभाग के आदेश में सभी अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से किए जाने का उल्लेख है।
127 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का फेरबदल
गृह विभाग द्वारा एक अन्य आदेश में राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की है। इनमें उप पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस आयुक्त और सहायक सेनानी स्तर की पदस्थापनाएं शामिल हैं। कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से मैदानी पदों पर भेजा गया है, जबकि कई एसडीओपी और नगर पुलिस अधीक्षकों को दूसरी जगह पदस्थ किया गया है। सूची में प्रशिक्षु डीएसपी और कार्यवाहक डीएसपी भी शामिल हैं।