मथुरा, 12 सितम्बर । जनपद की कोसीकलां पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना कोसीकलां क्षेत्र के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स शोरूम में हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर गोपालबाग क्षेत्र से घेराबंदी कर मुख्य आरोपितों सहित कुल चार लोगों काे गिरफ्तार किया है। इनमें दो पुरुष और दो महिला शामिल है। आरोपितों की निशानदेही पर 7 किलो 126 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उत्कृष्ट खुलासे के लिए पुलिस टीम को एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त विष्णु उर्फ पप्पू सोनी शोरूम का पुराना कर्मचारी था, जिसे चोरी के आरोप में कुछ समय पूर्व नौकरी से निकाल दिया था। दुकान का पुराना कर्मचारी होने के कारण उसे सभी अंदरूनी राज मालूम थे और वही इस घटना का मुख्य सरगना था। चोरी के बाद वह माल अपने घर (रामनगर, कोसी) ले गया, जहां उसके भाई मोहन और परिवार की महिलाओं ने जेवरों की अलग-अलग थैलियां बनाईं। पुलिस की तलाशी से बचने के लिए उन्होंने सारा माल गोपालबाग में छिपा दिया था, जिसे शेरगढ़ रोड स्थित विष्णु की अपनी सर्राफ की दुकान पर बेचने की योजना थी।