सीहोर, 28 सितंबर । मध्य प्रदेश के सीहाेर शहर में भगवान लव-कुश जन्मोत्सव के अवसर पर कुशवाह समाज की ओर से सोमवार को शहर में चल समारोह निकाला गया। भोपाल नाका स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुआ समारोह इंग्लिशपुरा, कोतवाली चौराहा, पान चौराहा, मेन रोड, लीसा टॉकीज और तहसील चौराहा होते हुए दुर्गा मंदिर पहुंचा। यहां सुंदर गार्डन में भगवान लव-कुश की पूजा-अर्चना के साथ समारोह का समापन हुआ।
चल समारोह में भगवान लव-कुश की आकर्षक झांकी के साथ घोड़े पर ध्वजवाहक और अखाड़े के कलाकार शामिल रहे। कलाकारों ने विभिन्न करतब प्रस्तुत किए। डीजे की धुन पर युवा और महिलाएं नाचते हुए समारोह में शामिल हुए। पूरे मार्ग में उत्सव का माहौल रहा। समारोह का विभिन्न स्थानों पर राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। विधायक सुदेश राय, भाजपा नेता सनी महाजन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में बलराम पटेल, संतोष कुशवाहा, जगदीश कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।