फतेहाबाद : घर में घुसकर युवक का अपहरण करने वाले 5 दबोचे, पंजाब से जुड़े तार

Share

फतेहाबाद, 13 सितंबर । घर से जबरन एक व्यक्ति का अपहरण करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना भट्टू कलां पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के आलूपुर निवासी गुरजीत सिंह, लक्ष्मण सिंह, सिमरजीत सिंह, रामू और झंडा कलां निवासी तरसेम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार को भी बरामद कर लिया है।

रविवर को थाना भट्टूकलां प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह ने बताया कि ओढ कॉलोनी, ढाबी कलां रोड, भट्टू कलां की रहने वाली कैलाशो देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 11 सितंबर की रात कुछ लोग उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने खुद को पंजाब के आलूपुर का निवासी बताते हुए कहा कि कैलाशो देवी का बेटा सतीश उनके परिवार की एक युवती को साथ ले गया है। इसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए सतीश को जबरदस्ती अपने साथ कार में बिठाकर ले गए।

पीडि़त परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए थाना भट्टू कलां में मामला दर्ज किया और तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान गठित पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों गुरजीत, लक्ष्मण, तरसेम, सिमरजीत और रामू को काबू कर लिया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है।