घाटशिला में गीतांजलि और आजाद हिंद एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू

Share

पूर्वी सिंहभूम, 11 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला और आसपास के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुक्रवार से घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर घाटशिला स्टेशन परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रेल यात्री, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी शामिल हुए।

समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक उमेश सिंह की मौजूदगी में 12860 हावड़ा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन अपने निर्धारित ठहराव के बाद मुंबई के लिए रवाना हुई।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि दोनों ट्रेनों का ठहराव घाटशिला के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को हावड़ा के अलावा मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों को भी काफी लाभ होगा।

समारोह में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जेडआरयूसीसी-डीआरयूसीसी सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। दोनों ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला की प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्रों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।