फुकुओका, 11 सितंबर । भारत को एवीसी पुरुष वॉलीबॉल महाद्वीपीय चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा चैंपियन जापान ने शुक्रवार को भारत को 3-0 से हराकर लगातार सातवीं बार प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
जापान ने भारत को 25-17, 25-15, 25-19 से शिकस्त दी। दस बार की चैंपियन जापानी टीम के लिए रैन ताकाहाशी ने 14 अंक, यूजी निशिदा ने 12 अंक, कप्तान युकी इशिकावा ने 12 अंक और लैरी एवबाडे-डैन ने नौ अंक जुटाए।
भारत की ओर से कप्तान और विपक्षी स्पाइकर सी. जेरोम विनीत ने सर्वाधिक 11 अंक बनाए, जबकि आउटसाइड हिटर चिराग यादव ने छह अंक का योगदान दिया।
ड्रैगन मिहाइलोविच के मार्गदर्शन में खेल रही भारतीय टीम ने 2019 के बाद पहली बार प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत ने पूल-बी के अपने अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराया था। ओमान को अपने अंतिम ग्रुप मैच में बहरीन से हार मिली, जिसके बाद भारत ने अंतिम-8 में स्थान पक्का किया।
भारत को पूल चरण के शुरुआती दोनों मुकाबलों में ईरान और चीन के खिलाफ हार मिली थी। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम प्रारंभिक चरण की संयुक्त रैंकिंग में आठवें स्थान पर रही और क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
भारत का अगला मुकाबला आइची-नागोया एशियाई खेलों में होगा, जिसका आयोजन जापान में किया जाएगा।