बड़गड़ में सांसद के प्रयास से डाकघर स्थापना की स्वीकृति

Share

गढवा, 28 सितंबर । गढवा जिले के बड़गड़ के लोगों को अब डाक संबंधी काम के लिए करीब 50 किलोमीटर दूर रंका नहीं जाना पड़ेगा। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद डाक विभाग ने बड़गड़ में वितरण उप डाकघर (डिलीवरी सब पोस्ट ऑफिस) खोलने की मंजूरी दे दी है। यह स्वीकृति पलामू सांसद वीडी राम के प्रयास के बाद मिली है।

डाक विभाग के झारखंड परिमंडल, रांची की ओर से नये डाकघर के लिए आवश्यक कर्मचारी सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी प्रावधान किया गया है। बड़गड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को अब पत्र भेजने, पार्सल लेने और डाक विभाग से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए रंका पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

डाक संबंधी काम के लिए रंका जाने में ग्रामीणों को समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते थे। बुजुर्गों, पेंशनधारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

नये डाकघर के खुलने से स्थानीय स्तर पर डाक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। बड़गड़ वितरण उप डाकघर के वितरण क्षेत्र में बड़गड़ सहित आसपास के कई शाखा डाकघरों को जोड़ा जायेगा। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को पत्र, पार्सल और डाक विभाग की अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।