जयपुर, 08 अगस्त । राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शुक्रवार को भी तेज बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, सीकर और झुंझुनूं में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश को देखते हुए भरतपुर में शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में करीब 3 इंच तक बारिश हुई। अलवर, तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, भरतपुर और चूरू में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
चूरू के सादुलपुर और धौलपुर के राजाखेड़ा में लगातार बारिश के बाद कई घरों और कॉलोनियों में पानी घुस गया।
धौलपुर के राजाखेड़ा में मूसलाधार बारिश के बाद कॉलोनियों की सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं, डांग क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश से पार्वती नदी में पानी की आवक बढ़ गई है। पार्वती बांध का जलस्तर 217.60 आरएल मीटर से बढ़कर 218.90 आरएल मीटर पहुंच गया है। पार्वती नदी फिलहाल 475.48 मीटर पर बह रही है, जबकि इसका खतरनाक जलस्तर 481.8 मीटर है। नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी से दूर रहने की चेतावनी दी है।
भरतपुर के बंध बारेठा बांध में भी लगातार पानी की आवक हो रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन जल्द ही बांध के गेट खोल सकता है। ऐसे में आसपास के नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जयपुर में शुक्रवार को ग्रामीण इलाकों में एक इंच तक बारिश हुई। चौमूं में सबसे ज्यादा 41 मिमी बारिश हुई। शाहपुरा में 36 मिमी, पावटा में 26 मिमी, विराटनगर और जमवारामगढ़ में 20-20 मिमी बारिश हुई। आमेर में 12 मिमी, कोटपूतली में 10 मिमी, जबकि जयपुर कलेक्ट्रेट में 4 मिमी बारिश मापी गई। किशनगढ़-रेनवाल और कोटखावदा में 3-3 मिमी तथा चाकसू, कालवाड़ और आंधी में 2-2 मिमी बारिश हुई। बारिश के बाद जयपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।
दौसा में भी रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कहीं रिमझिम तो कहीं हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। सीकर जिले में शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, रींगस और खाटूश्यामजी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने शनिवार को सीकर के साथ झुंझुनूं में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
अलवर में भी शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। दो दिन से हो रही अच्छी बारिश के बाद अरावली क्षेत्र में गरवाजी और किशनकुंड सहित कई पर्यटन स्थलों पर झरने बहने लगे हैं। सिलीसेढ़ बांध में भी करीब 6 इंच पानी की आवक हुई है।
कोटा में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और तापमान करीब 3 डिग्री गिर गया। अजमेर में भी सुबह से घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। उदयपुर में शुक्रवार सुबह से घने बादल छाए रहे, हालांकि शाम तक बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है। दूसरी ओर जोधपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। हल्की धूप के बीच उमस और गर्मी का असर बना रहा।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में तापमान में भी गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
हालांकि बीकानेर 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।