भोपाल, 25 सितम्बर । दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। शुक्रवार को जबलपुर समेत 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में 4 इंच से ज्यादा पानी गिर सकता है। अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए सतना में 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा में भारी बारिश होने का अनुमान है।
प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में भी मौसम बदला रहेगा। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतना जिले में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय, नवोदय, आईसीएसई समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ अवदाब अब महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम के रूप में स्ट्रॉन्ग हो गया है। इसके प्रभाव से 25 और 26 सितंबर को प्रदेश में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। 27 सितंबर को भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद सिस्टम आगे बढ़ जाएगा और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य पीरियड 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। इस लिहाज से मानसून की विदाई में अब छह दिन बाकी हैं। इस बार भी सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। राजस्थान के कई जिलों से मानसून लौट चुका है। अब तक 873.4 मिमी यानी 34.4 इंच बारिश हो चुकी है। यह अब तक होने वाली सामान्य बारिश 935.1 मिमी यानी 36.8 इंच से 2.4 इंच कम है। ओवरऑल प्रदेश में सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी हिस्से में यह कमी 2 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में औसत से 11 प्रतिशत कम है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश 2 प्रतिशत तक कम है। वहीं बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 प्रतिशत से 23 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। हालांकि पिछले एक सप्ताह में बारिश के आंकड़ों में काफी सुधार हुआ है। गुरुवार को भी कमी का आंकड़ा 2 प्रतिशत पर था। पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत से 8 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। जबकि अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।