जयपुर, 25 सितंबर । राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ गर्मी ने अचानक जोर पकड़ लिया है। लगातार दूसरे दिन प्रदेश में कई शहरों में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में गुरुवार को दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री और जैसलमेर में 43.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
जोधपुर में भी सितंबर की गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी जिलों में तेज गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
बीकानेर में 41.6 डिग्री, चूरू में 40.5, नागौर में 40.3, फतेहपुर में 39.5, पिलानी में 39.2 और जालोर में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मानसून की विदाई के बाद हवाओं की दिशा में बदलाव होता है और वातावरण में प्रतिचक्रवाती परिसंचरण बनने से पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म हवाएं राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में घूमती रहती हैं। इसी कारण अचानक तापमान बढ़ा है। अगले दो-तीन दिन प्रदेश में गर्मी का दौर जारी रहने का अनुमान है।
इधर, गुरुवार को जयपुर, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के सभी हिस्सों से मानसून विदा हो गया। अब कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून सक्रिय है, जहां से भी अगले दो-तीन दिन में मानसून की विदाई की संभावना है।
इसके बाद 27 सितंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में 27 सितंबर को तथा अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में 28 सितंबर को आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।