वाराणसी में बहनों ने भाई की कलाई पर बांधी नेह की डोर, माथे पर लगाया तिलक

Share

वाराणसी, 28 अगस्त । श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। भद्रा का साया न होने के कारण बहनों ने पूरे दिन शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर बांधीं और उनसे रक्षा का वचन लिया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा।

बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाया। इसके बाद आरती उतारकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन के पारंपरिक स्वरूप में आधुनिकता की झलक भी देखने को मिली। बाजारों में आकर्षक डिजाइन और विभिन्न आकार की राखियों के साथ राखी की आकृति में तैयार विशेष मिठाइयां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयों के साथ फलों की भी जमकर खरीदारी की।

वीडियो कॉल से बांटी पर्व की खुशियां

दूर-दराज के शहरों और विदेशों में रह रहे भाई-बहनों ने भी तकनीक के जरिए रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। हजारों भाई-बहन वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े। बहनों ने ऑनलाइन ही अपनी भावनाएं साझा कीं, जबकि भाइयों ने अपनी कलाई पर सजी राखी दिखाकर बहनों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भावुक कर देने वाले कई दृश्य भी सामने आए। पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। छोटे बच्चों ने अपने अंदाज में रक्षाबंधन मनाया। उनकी बाल सुलभ शरारतों और उत्साह को परिजन मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

सामाजिक संगठनों ने भी मनाया रक्षाबंधन

शहर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई संगठनों के सदस्यों ने अनाथ बच्चों और मलिन बस्तियों में पहुंचकर लोगों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। वहीं, कई महिला संगठनों की सदस्यों ने पुलिस थानों में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी और उनके प्रति सम्मान व आभार व्यक्त किया। उधर, रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें ससुराल से बच्चों और परिजनों के साथ मायके पहुंचीं। बहनों के आवागमन से शहर और ग्रामीण अंचलों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

स्कूली बच्चों ने सफाई कर्मियों को बांधी ईको-फ्रेंडली राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर रवींद्रपुरी स्थित लिटिल मिलेनियम स्कूल में स्कूली बच्चों ने सफाई कर्मियों और नगर निगम के अधिकारियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार जताया। यह कार्यक्रम नगर निगम वाराणसी के 24 से 29 अगस्त तक चल रहे विशेष अभियान ‘स्वच्छता का बंधन’ के तहत आयोजित किया गया। एक समाजसेवी संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व हेमा काबरा ने किया। इस दौरान बच्चों ने वेस्ट मटेरियल (कबाड़) से तैयार ईको-फ्रेंडली राखियां नगर निगम के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की कलाई पर बांधीं। बच्चों ने संदेश दिया कि शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मी समाज के असली रक्षक हैं। कार्यक्रम में बच्चों और उपस्थित लोगों ने ‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी’ का संकल्प भी लिया। नगर निगम के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया।