नई टिहरी, 28 अगस्त । खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम को खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष जांच और प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने मुनिकीरेती और तपोवन बाजार क्षेत्र से मिठाई, डेयरी उत्पाद, रेस्टोंरेंट और होटलों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सफाई, खाद्य पदार्थों का रख रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावट की ज्यादा संभावना रहती है। इस कारण रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
उन्होंनें बताया कि निरीक्षण के दौरान गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बर्फी और घेवर के चार, पनीर के दो और दही के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानकों पर असफल पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी व्यवसायियों से मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने से बचने की सलाह दी है। कारोबारियों को मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश भी दिए हैं। फोटो-28एंटीएच04 मुनिकीरेती में चेकिंग अभियान चलाते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी