शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

Share

नई दिल्ली, 12 अगस्त । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली तेजी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल ऊपर-नीचे होने लगी। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.46 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 109.08 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,263.33 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली का दबाव बनने पर सेंसेक्स अपनी मजबूती गंवा कर ओपनिंग लेवल से लगभग 480 अंक से अधिक टूट कर लाल निशान में 77,784.04 तक पहुंच गया। वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक रिकवर कर कुछ देर के लिए 78,118.90 तक भी पहुंचा। हालांकि यह रिकवरी जारी नहीं रह सकी। बाजार में बिकवाली का दबाव दोबारा बन जाने के कारण इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 358.17 अंक टूट कर 77,796.08 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

एनएसई के निफ्टी ने आज 0.75 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 24,472.45 अंक के स्तर से आज के कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। पहले एक घंटे के कारोबार में ज्यादातर समय बिकवालों का दबदबा बना रहा। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 115 अंक टूट कर 24,357.50 के स्तर तक गिर गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 110.70 अंक की गिरावट के साथ 24,361 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,769 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,235 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,534 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 26 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से आठ शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई, नेस्ले और बजाज ऑटो के शेयर 2.56 प्रतिशत से लेकर 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल, जियो फाइनेंशियल, बजाज फिनसर्व और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 2.21 प्रतिशत से लेकर 1.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 388.19 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,154.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 112.10 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,471.70 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।