सहरसा, 12 अगस्त । सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह पूर्णिया-हटिया कोसी एक्सप्रेस (18625) में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के 3 एसी के एम 3 कोच के ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकला था। हालांकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी जानमाल के हानी होने की सूचना नहीं है।
स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार गुप्ता के अनुसार कोसी एक्सप्रेस ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर निर्धारित समय से करीब एक घंटा 13 मिनट विलंब से पहुंची। सब-ऑफिसर के अनुसार सुबह 6:36 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम को सक्रिय किया गया।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए चिंता का माहौल रहा। फिलहाल उस बोगी से यात्रियों को दूसरे बोगी में स्थानांतरित कर दूसरी बर्थ पर यात्रा करवाया गया। उस बोगी को खाली रखा गया है। रेलवे अधिकारियों और अग्निशमन टीम की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ब्रेक बाइंडिंग की समस्या किस वजह से उत्पन्न हुई।