अनाया बांगर को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मंजूरी पर भड़कीं मारिजन कप्प, कहा- ‘बिल्कुल बेतुका’

Share

नई दिल्ली, 28 अगस्त । दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर मारिजन कप्प ने ट्रांसजेंडर क्रिकेटर अनाया बांगर को ऑस्ट्रेलिया के सामुदायिक क्रिकेट में खेलने की मंजूरी देने के क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। कप्प ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अनाया को इस तरह खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

कप्प ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अनाया को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली मंजूरी से जुड़ी खबर का स्क्रीनशॉट साझा किया। उन्होंने लिखा, “बिल्कुल बेतुका, ऐसा नहीं होना चाहिए!” साथ ही उन्होंने महिला बिग बैश लीग के आधिकारिक अकाउंट को भी टैग किया।

यह मामला पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बल्लेबाजी कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर से जुड़ा है। अनाया ने पुष्टि की थी कि उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से सामुदायिक क्रिकेट में उनकी भागीदारी को लेकर औपचारिक जानकारी मिली है। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में किसी क्लब से जुड़कर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की इच्छा जताई है।

अनाया ने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई थी। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से खेलने की मंजूरी मिलना उनके लिए राहत और खुशी का पल है। उन्होंने कहा था कि एक समय उन्हें लगा था कि वह दोबारा क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी, लेकिन अब उन्हें एक और मौका मिला है।

अनाया ने पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का रुख किया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की इंटीग्रिटी प्रमुख जैकी पार्ट्रिज ने उन्हें उनकी पात्रता को लेकर स्पष्ट जानकारी दी।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, मार्च 2027 तक अनाया ऑस्ट्रेलिया के किसी भी राज्य या क्षेत्र की प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकती हैं। इन प्रतियोगिताओं को एलीट क्रिकेट के बजाय सामुदायिक क्रिकेट की श्रेणी में रखा गया है।

हालांकि, मार्च 2027 से एलीट क्रिकेट में उनकी पात्रता कुछ शर्तों पर निर्भर होगी। इसके लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर रक्त जांच में उनके सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर 10 नैनोमोल प्रति लीटर से कम होना और संबंधित पात्रता नियमों को पूरा करना जरूरी होगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मौजूदा नियमों के तहत पुरुष यौवन से गुजर चुकी ट्रांसजेंडर महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में खेलने की अनुमति नहीं है।

वहीं, घरेलू क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से अभी कोई आधिकारिक नीति सामने नहीं आई है।

अनाया ने जेंडर ट्रांजिशन से पहले मुंबई के आयु वर्ग क्रिकेट में खेला था। वह सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान के साथ भी क्रिकेट खेल चुकी हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट का भी अनुभव रखती हैं।

मारिजन कप्प दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक चार टेस्ट, 162 एकदिवसीय और 126 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं।