पलामू, 08 अगस्त । पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव के लिए लगातार छठे वर्ष मेदिनीनगर के प्रथम डिप्टी मेयर राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह और उनके सहयोगी अभियान चलायेंगे। छह हजार पौधे घर-घर बांटे जायेंगे। जल संचयन पर लोगों को जागरूक किया जायेगा। इस अभियान को लेकर शनिवार को पलामू परिसदन में मंगल सिंह ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों के बीच पौधा वितरण कर इस अभियान की शुरूआत की।
बताते चलें कि मंगल सिंह पिछले 5 वर्ष से पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव को लेकर अभियान चला रहे हैं। हर वर्ष 5 से 6 हजार पौधे लगाने के साथ साथ वितरण किया जाता है। वर्षा के साथ साथ घरों के जल को बचाने के लिए घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाता है।
प्रथम उपमहापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव आज की सबसे बड़ी जरूरत है। पर्यावरण और जीवन को बचाने के लिए जल संरक्षण अनिवार्य है। पृथ्वी पर पीने योग्य पानी की मात्रा सीमित है, इसलिए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर, आवश्यकता नहीं होने पर नलों को बंद रखकर तथा पानी का कम से कम दुरुपयोग कर ही आने वाली पीढ़ी के लिए जल और प्रकृति को सुरक्षित रखा जा सकता है।
अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और जल स्रोतों की सुरक्षा भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
मंगल ने बताया कि पर्यावरण को लेकर गिलहरी प्रयास के तहत एक महीने तक चलने वाले अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर पौधारोपण एवं जल संचयन के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मंदिर, स्कूल, कॉलेज, प्रमुख चौक चौराहे एवं उन इलाकों में जहां पौधा रोपण नहीं हुआ है, वहां इसके लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
प्रदीप सिन्हा ने कहा कि जल संचयन एवं पौधारोपण जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। डालटनगंज चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष विनोद उदयपुरी ने कहा कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन के प्रति लोगों में जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
दिनेश द्विवेदी पलामू व्यवसायी संघ के महासचिव अनुपम तुलस्यान, वरिष्ठ नागरिक मंच, के विकास सिंह, जयशंकर सिन्हा, नीलेन्द्र, संतोष चौधरी, बब्लू, बिकास सेठी, मुकेश सिंह, अश्विनी कुमार, अमित कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद दिलीप कुमार (दिल्लू), राहुल, राजकुमार, सरयू जी, बीरेंदर, जितेंद्र, मुन्ना सिंह, पवन, राना कुणाल सहित अन्य उपस्थित रहे।