देवरिया, 18 अगस्त । भाजपा किसान मोर्चा देवरिया नगर मंडल की ओर से महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की पुण्यतिथि पर मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने मालवीय रोड स्थित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन से भारत को स्वतंत्र कराने के लिए आजाद हिंद फौज का गठन किया। देश की आजादी के लिए नेताजी ने जिस साहस, नेतृत्व और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, उसे देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि नेताजी ने देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना जगाते हुए “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” का प्रसिद्ध नारा दिया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और संघर्ष की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अरुण मिश्र, डॉ. विनोद पांडेय, विजेंद्र चौहान, वीरेंद्र पाठक, गोविंद कुशवाहा, सुशील पाठक, विजय कुशवाहा, मोनू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।