किशनगंज, 18 अगस्त । आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को किशनगंज प्रखंड की गाछपाड़ा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 150 आवेदन और मामले प्राप्त हुए। इनमें से 146 मामलों का निष्पादन शिविर के दौरान ही कर दिया गया, जबकि चार मामले लंबित रहे। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शिविर में मौजूद लोगों को इसके उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक प्रयास की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से नशे की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस और प्रशासन को देने की अपील की। एसपी ने कहा कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या के समय वे कॉल या संदेश के माध्यम से अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान करना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।प्रशासन के अनुसार, ऐसे शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान के साथ आम लोगों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।