सिरसा: श्रद्धा और उल्लास से मनाया रक्षाबंधन पर्व

Share

सिरसा, 28 अगस्त । जिलेभर में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधे और लंबी आयु व स्वस्थ्य जीवन की कामना की। भाइयों ने बहनों को सुरक्षा का वचन दिया। त्यौहार के चलते मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर भारी भीड़ देखी गई। हरियाणा रोडवेज की बसों में रक्षाबंधन को लेकर महिलाओं व बच्चों के लिए यात्रा फ्री रही।

बस अड्डा व रेलवे स्टेशनों पर महिला यात्रियों की भीड़ रही। पुलिस प्रशासन की ओर से रक्षाबंधन पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। बाजारों में पुलिस टीमें गश्त पर रही। ट्रैफिक पुलिस भी यातायात को सुचारू बनाने में जुटी रही। बाजारों में सादी वर्दी में महिला व पुरुष पुलिस कर्मचारी गश्त करते रहे।

उधर, डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने वाली संस्था नहीं, बल्कि जरूरत के समय बच्चों और आमजन की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली संस्था है। पुलिस अधीक्षक रक्षाबंधन पर्व पर एसपी कार्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रही थी। इस दौरान छात्राओं ने एसपी जसलीन कौर को राखी बांधी।

एसपी ने बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन अथवा असहज स्थिति में बच्चे घबराएं नहीं और समस्या को अपने तक सीमित न रखें। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता या अभिभावक, अध्यापक अथवा पुलिस मदद लें। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह समझना जरूरी है कि किसी परेशानी को बताना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और साहस की निशानी है। यदि कोई व्यक्ति उन्हें डराने, धमकाने या गलत तरीके से प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो वे तुरंत किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।