कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

Share

बलरामपुर, 28 अगस्त । कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं मैदानी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। आज शुक्रवार को आयोजित बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों एवं हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एग्रीस्टैक एवं बकेट क्लेम के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा मैदानी अमले के माध्यम से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

पशुपालन विभाग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों तक विभागीय सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने और पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा।

उद्यानिकी फसलों के विस्तार पर जोर

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में फल, फूल एवं सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को विविधीकृत खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उद्यानिकी फसलों का विस्तार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी फसलों और विविधीकृत खेती से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को बेहतर तरीके से विकसित किया जा सकता है।

मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश

मत्स्य विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।