बिजनौर,12 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के शहर चांदपुर में रविवार को आभा फाउंडेशन ने दो निर्धन बहनों प्रीति और निशा का विवाह संपन्न कराया। यह आयोजन एस.के.जी. बैंक्वेट हॉल, ब्लॉक जलीलपुर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। दोनों बहनें ग्राम कमालपुर, खानपुर खादर की निवासी हैं।
आभा फाउंडेशन की संस्थापिका आभा सिंह ने नवदंपतियों को 51,000- 51,000 रुपए के चेक भेंट किए। कार्यक्रम में बारातियों के स्वागत, भोजन और बैंक्वेट हॉल सहित विवाह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं आभा फाउंडेशन ने कीं। इस आयोजन में लगभग 500 लोगों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि आभा फाउंडेशन इससे पहले भी 114 बेटियों का सामूहिक विवाह सफलतापूर्वक करा चुका है। यह संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है और निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह के अतिरिक्त निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन, चश्मा वितरण, दवा वितरण, साइकिल वितरण, सिलाई मशीन वितरण और कंबल वितरण जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्य करती है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आभा फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
आभा फाउंडेशन का अगला जनकल्याणकारी कार्यक्रम विधवा एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क कूकर वितरण का होगा। फाउंडेशन की चैयरमेन आभा सिहं ने बताया कि भविष्य में भी समाज के गरीब, असहाय, विधवा एवं दिव्यांग लोगों के हित में सेवा कार्य जारी रहेंगे।
————-