आगरा कैंट स्टेशन : डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से मारपीट मामले में आरपीएफ के दो एएसआई समेत चार निलंबित - सरस जनवाद

आगरा कैंट स्टेशन : डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से मारपीट मामले में आरपीएफ के दो एएसआई समेत चार निलंबित

Share

आगरा, 12 जुलाई । उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार को मामूली विवाद में आरपीएफ कर्मियों और स्टेशन पर तैनात डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से विवाद हाे गया। आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक काे प्लेटफाॅर्म से घसीटते हुए ले जाने लगे। इससे यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति बन गई। इस घटना के बाद आक्रोशित रेलवे कर्मचारियों ने प्लेटफार्म पर प्रदर्शन कर आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल बदन सिंह समेत चार को निलंबित किया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति भी गठित की गयी है।

आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार को आरपीएफ कर्मियों पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के साथ मारपीट कर उन्हें घसीटते हुए थाने ले जाने का आरोप लगा है। घटनाक्रम के अनुसार कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हीराकुंड एक्सप्रेस के पहुंचने दौरान आरपीएफ और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के बीच विवाद हो गया। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार लुधियाना से ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री रंजीता राव पेठा खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गईं थी। प्लेटफाॅर्म पर पेठा लेने के दाैरान खुले पैसे मिलने में देरी होने पर ट्रेन चलने लगी। महिला ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से कहा कि ट्रेन को रुकवा दीजिए। इस पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी, ताकि महिला यात्री सुरक्षित ट्रेन में सवार हो सके।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन रुकने को चेन पुलिंग का मामला समझ लिया। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने वस्तुस्थिति बतायी लेकिन विवाद शुरु हो गया। आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की और उन्हें घसीटते हुए थाने ले गए जबकि कुछ रेलवे कर्मी बचाव करने की गुहार लगाते रहे। प्लेटफार्म पर मारपीट और घसीटते हुए ले जाते देख यात्रियों की भीड़ लग गयी। विवाद की सूचना मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इस बीच रेलवे कर्मी भी अपना आक्रोश जताते हुए प्लेटफार्म पर एकत्रित हो गए और आरोपित आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। रेलवे कर्मियों ने आरोप लगाया कि एक अधिकारी के साथ इस प्रकार की मारपीट से उन्हें गहरा सदमा लगा और वे अपमानित महसूस कर रहे हैं। आरपीएफ कर्मियों ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस प्रकार दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता और सीसीटीवी फुटेज देखते हुए तत्काल प्रभाव वे दो एएसआई और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गयी है, जो जांच कर अपनी रिपोर्ट रेलवे प्रशासन को देगी। इस प्रकरण में रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी डॉ शिवम शर्मा ने बताया कि पूरे मामले में चार आरपीएफ कर्मियों को निलंबित किया गया है और मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गयी है।