उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष नवनीत गुसाईं का निधन,आंदोलनकारियों ने दी श्रद्धांजलि - सरस जनवाद

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष नवनीत गुसाईं का निधन,आंदोलनकारियों ने दी श्रद्धांजलि

Share

देहरादून, 12 जुलाई । उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष नवनीत गुसाईं का रविवार को निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच सहित विभिन्न आंदोलनकारी संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि नवनीत गुसाईं के अंतिम संस्कार के लिए सोमवार, 13 जुलाई को सुबह 9:30 बजे हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।

राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने बताया कि अचानक शुगर लेवल बिगड़ने के कारण नवनीत गुसाईं की तबीयत खराब हो गई। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने कहा कि नवनीत गुसाईं पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम, जेल भरो आंदोलन और क्रमिक अनशन जैसे आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद भी वे राज्यहित और आंदोलनकारियों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत रहे।

शोक व्यक्त करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, सलाहकार केशव उनियाल, प्रदेश महासचिव रामलाल खंडूड़ी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र भंडारी,गणेश डंगवाल, सुरेश कुमार, निर्मला बिष्ट सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।