नाहन, 30 जुलाई । जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में पार्क की गईं कारों के टायर चोरी होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं का जिला सिरमौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामलों की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच करते हुए चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी किए गए सभी टायर, रिम और अलॉय व्हील भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पहला मामला बिरोजा फैक्ट्री के समीप पार्क की गई कार से चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी होने का था। इसके बाद अस्पताल रोड पर खड़ी एक अन्य कार के चारों टायर चोरी कर लिए गए, जबकि वाहन की पिछली खिड़की का शीशा भी तोड़ दिया गया।
तीसरे मामले में शनाड़ी लिंक रोड पर खड़ी स्विफ्ट कार के चारों टायर रिम सहित चोरी कर लिए गए। वहीं चौथा मामला संस्कृत कॉलेज नाहन के नीचे पार्क की गई फ्रॉन्क्स कार से जुड़ा है, जिसके चारों टायर चोरी कर लिए गए थे। इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामले दर्ज किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस के सामने आरोपी अभिमन्यु (22) निवासी चिड़ावाली मोहल्ला, नाहन द्वारा वारदात को अंजाम देने का तरीका भी उजागर हुआ। आरोपी देर रात सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बनाता था। वह कार के चारों टायर और रिम अथवा अलॉय व्हील खोलकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में लाद लेता और उन्हें चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट पहुंच जाता था।
वह वहां दुकानदारों को यह झूठी कहानी सुनाता था कि उसकी कार में लगे अलॉय व्हील वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र के अनुरूप नहीं हैं और पुलिस इस पर करीब 10 हजार रुपये का चालान कर सकती है। वह यह भी कहता था कि उसने सेकेंड हैंड टायर खरीदे हैं और उन्हें अपनी कार में लगवाना चाहता है। इस बहाने वह चोरी किए गए टायर अपनी कार में फिट करवा लेता और अपनी कार के पुराने टायर डिक्की में रख लेता था।
इसके बाद आरोपी उन्हीं दुकानदारों से कहता था कि पुराने टायर अब उसके किसी काम के नहीं हैं और यदि वे चाहें तो उन्हें खरीद सकते हैं। टायर अच्छी स्थिति में होने के कारण दुकानदार उन्हें खरीद लेते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए टायर चार अलग-अलग दुकानों पर 8 हजार से 11,500 रुपये तक में बेच दिए।
एस आई टी ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों मामलों में चोरी किए गए सभी टायर, रिम और अलॉय व्हील भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
जिला सिरमौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों को यथासंभव सुरक्षित और रोशनी वाले स्थानों पर पार्क करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।